शिखर फॉल से पार्टी कर लौट रहे पांच दोस्तों की कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। जबकि, तीन को पुलिस ने खाई से बाहर निकाला। तीनों को विभिन्न अस्पतालों में आईसीयू में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि कार सवार रास्ता भटक गए थे। रास्ता न मिलने के कारण कार पीछे मोड़ते हुए हादसा होना बताया जा रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि रविवार रात करीब ढाई बजे शिखर फॉल के पास एक कार खाई में गिरने की सूचना मिली थी। चौकी प्रभारी जाखन विकेंद्र सिंह और कांस्टेबल नीरज मौके के लिए रवाना हुए। उन्होंने देखा कि कार करीब 800 मीटर नीचे खाई में गिरी है। कुछ देर बाद वहां पर एसडीआरएफ के जवान पहुंचे और घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने एक युवक और एक युवती को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आयुष शर्मा (30) पुत्र दिनेश दत्त शर्मा निवासी तेग बहादुर रोड डालनवाला और अवनी कुकरेती (29) पुत्री आशीष कुकरेती निवासी कौलागढ़ कैंट के रूप में हुई है।
जबकि, घायलों में सागर नरुला पुत्र गुलशन कुमार निवासी फतेहनगर दिल्ली, युवराज बिष्ट पुत्र केओ बिष्ट निवासी कालीदास रोड और ईशा पुत्री राकेश चंद निवासी चंद्र सिंह गढ़वाली मार्ग धर्मपुर शामिल हैं। घायलों से पता चला कि वह सब घूमने के लिए शिखर फॉल गए थे। वहां से रात करीब ढाई बजे देहरादून के लिए चले थे, लेकिन सीधे मसूरी रोड से न आकर कार चला रहे युवक ने गाड़ी राजपुर की तरफ मोड़ दी। इस बीच कुछ दूर चलते ही कार के चलने लायक रास्ता नहीं बचा।
इस पर उन्होंने कार पीछे मोड़नी चाही। चंद मीटर ही कार पीछे हुई थी कि खाई में गिर गई। हालांकि, एक घायल कार के ब्रेक फेल होना भी हादसे का कारण बता रहा है। घायलों में शामिल सागर नरुला और युवराज बिष्ट को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि, ईशा का इलाज कोरोनेशन अस्पताल में चल रहा है।
मर्चेंट नेवी में थे आयुष, अवनी चलाती थीं कैफे
हादसे में मारे गए आयुष शर्मा मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी आए थे। जबकि, अवनी कुकरेती मसूरी रोड पर कैफे का संचालन करती थीं। घायलों में शामिल सागर नरुला का अपना व्यवसाय है। युवराज बिष्ट भी मसूरी रोड पर कैफे का संचालन करते हैं और ईशा पेशे से आर्किटेक्ट हैं।