हनोल मंदिर की पार्किंग के पास टोंस नदी में डूबे युवक का शव 12वें दिन मिला। युवक की पहचान उत्तरकाशी के मोरी थाना क्षेत्र के जखोल गांव निवासी दिनेश उर्फ फजीतू (27) पुत्र हरिपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार 11 मई को चचेरे भाई के साथ हनोल मंदिर के दर्शन के लिए आए एक युवक ने पार्किंग के पास से नदी में छलांग लगा दी थी। युवक नदी की लहरों में बहते हुए लापता हो गया था। एसडीआरएफ युवक की तलाश में लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही थी।
बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति ने पुलिस को टोंस नदी में सरनाड पानी नामक स्थान के पास एक शव उतराता दिखाई देने की सूचना दी। थाना प्रभारी त्यूणी विनय मित्तल और एसडीआरएफ के उप निरीक्षक अनिल आर्य टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तरकाशी के मोरी थाना क्षेत्र के जखोल गांव निवासी दिनेश उर्फ फजीतू (27) पुत्र हरिपाल के रूप में हुई है।