- परेड ग्राउंड में चार दिवसीय नबोत्सव का शुभारंभ, क्रिकेट और शतरंज के हुए मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। परेड ग्राउंड में नाबार्ड के 20वें अखिल भारतीय खेल व सांस्कृतिक महोत्सव नबोत्सव का बुधवार को आगाज हो गया। चार दिवसीय महोत्सव के पहले दिन क्रिकेट और शतरंज के मुकाबले खेले गए। क्रिकेट में नाबार्ड के मुंबई मुख्यालय और नॉर्थ जोन की टीम ने अपने-अपने मुकाबले जीत अगले दौर में प्रवेश किया। सहस्रधारा रोड स्थित एक निजी मैदान में मुंबई मुख्यालय और वेस्ट जोन की टीम के बीच पहला मुकाबला खेला गया। वेस्ट जोन की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 125 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई मुख्यालय की टीम ने 17.4 ओवर में चार विकेट खोकर आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया। दूसरा मैच नाबार्ड यूके आरओ और नॉर्थ जोन के बीच हुआ। इसमें नाबार्ड यूके आरओ की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 122 रनों पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ जोन की टीम ने 17 ओवर में पांच विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके अलावा राजपुर रोड स्थित एक होटल में खेले गए शतरंज प्रतियोगिता में महेंद्र सिंह ने अपना मैच जीता। नबोत्सव के तहत अलग-अलग जगहों पर बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, क्रिकेट और गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें देशभर से 330 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं। नबोत्सव नाबार्ड का प्रमुख वार्षिक आयोजन है, जो कर्मचारियों के बीच सौहार्द, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और समग्र विकास को बढ़ावा देता है। इस दौरान नाबार्ड के उप प्रबंध निदेशक जीएस रावत समेत विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।