डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव को दिलचस्प बनाने वाले आर्यन छात्र संगठन ने शनिवार को शक्ति प्रदर्शन किया। महासचिव पद पर जीत का रिकॉर्ड कायम करने वाले आर्यन छात्र संगठन ने पहली बार अध्यक्ष पद पर दावा ठोका है। इस पद पर 14 साल से एबीवीपी या उसके बागियों का कब्जा रहा है।
आर्यन संगठन के प्रत्याशी सिद्धार्थ अग्रवाल सुबह समर्थकों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ सुभाष रोड स्थित डूंगा हाउस पर एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी व आतिशबाजी करते हुए रैली का रूप देते हुए कॉलेज की ओर बढ़े। रंग-गुलाल उड़ाते हुए रैली जैसे ही कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंची तो जमकर आतिशबाजी की गई। इसके बाद रैली ने कॉलेज में प्रवेश किया तो छोटे हाथी में सवार होकर छात्र कॉलेज परिसर में पहुंचे। इसके बाद प्रत्याशियों ने कॉलेज के मैदान में छात्रों को संबोधित करते हुए भी अपने हक में वोट करने की अपील की।
Iदिवाकर संगठन और एबीवीपी ने निकाली रैलीI
दिवाकर संगठन और एबीवीपी ने कॉलेज परिसर में रैली निकाल शक्ति प्रदर्शन किया। दिवाकर संगठन से उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार अनुज शाह ने समर्थकों के साथ रैली निकाल अपने पक्ष में वोट करने की अपील की। इस दौरान आर्यन, दिवाकर और एबीवीपी की रैली एक बार में ही कॉलेज परिसर में पहुंचे समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस से मामले को शांत कराया।
Iप्रत्याशियों ने छात्राओं तक पहुंचाया अपना संदेशI
आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर एमकेपी (पीजी) कॉलेज में शनिवार को आम सभा हुई। कॉलेज के सभागार में आयोजित सभा में प्रत्याशियों ने दावेदारी के संबंध में छात्राओं को संबोधित करते हुए अपना संदेश पहुंचाया। प्रत्याशियों ने कहा, छात्राओं के हित में छात्राओं के साथ मिलकर काम किया जाएगा। सभा में काॅलेज की प्राचार्या डाॅ. सरिता कुमार, चुनाव अधिकारी डाॅ. अर्चना शुक्ला, प्रधानाध्यापिका डाॅ. तुष्टि मैठाणी, डाॅ. संगीता खुल्लर, डाॅ. पुनीत सैनी, डाॅ. एल्वी दास, डाॅ. आरती सिसौदिया, डाॅ. अलका मोहन, पूनम सिंह आदि मौजूद रहे।