देहरादून। राज्य में सड़क पर गड्ढे भरने के लिए अतिरिक्त समय सीमा मिली थी, वह भी पूरी हो गई है। इस अवधि के बाद भी प्रदेश में 1261 किमी सड़क पर गड्ढे रह गए हैं। पीएमजीएसवाई के अधीन सबसे अधिक सड़क हैं, जिनको गड्ढा मुक्त किया जाना है।
बारिश से राज्य में 3665 मार्गों पर 9341 किमी मार्ग पर गड्ढे हुए थे। इसके बाद सीएम ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को 15 अक्तूबर तक सड़क को गड्ढा मुक्त करने का समय दिया था। बीच में बारिश हुई थी, ऐसे में समय सीमा को बढ़ाकर 18 अक्तूबर किया गया था। इस अतिरिक्त समय सीमा के बाद भी राज्य में 8080 किमी मार्ग पर पैच वर्क हो सका है, अभी भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में 1261 किमी सड़क को गड्ढा मुक्त नहीं किया जा सका है। सबसे खराब स्थिति पीएमजीएसवाई की रही है। पीएमजीएसवाई को 3390 किमी मार्ग के सुधारीकरण का काम करना था, इसमें केवल 64 प्रतिशत ही काम पूरा कर सका है। शहरी विकास विभाग के अंतर्गत भी 15 प्रतिशत काम बाकी है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोनिवि को 4939 किमी मार्ग पर पैच वर्क करना था, जिसके सापेक्ष 4989 किमी मार्ग पर पैच वर्क कर लिया है। एनएच ने भी अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है।