विकासनगर। कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज क्षेत्र से खैर की लकड़ी की तस्करी करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को वन विभाग की टीम ने सहरानपुर से गिरफ्तार कर लिया। जबकि दूसरा आरोपी कार्रवाई के दौरान मौका पाकर फरार हो गया।
तिमली रेंजर पंकज ध्यानी ने बताया कि वन विभाग की टीम ने 24 अक्तूबर को ग्राम कुंजाग्रांट-मटक माजरी क्षेत्र से एक कार में रखकर ले जाई जा रही खैर की लकड़ी बरामद की थी। इस दौरान कार सवार व उसके साथ चल रही एक बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गए थे। वन विभाग की टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सहारनपुर जनपद के थाना मिर्जापुर स्थित ग्राम जानीपुर बादशाही बाग में दबिश दी। जिसमें टीम ने मुख्य आरोपी गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तस्करी का दूसरा आरोपी दबिश की कार्रवाई के दौरान फरार होने में कामयाब रहा है जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है। संवाद