- साकेत बस्ती व सरला खड्ड के ऊपरी हिस्से में दिखाई दिया गुलदार
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी लगातार बढ़ रही है। अब रात के बजाए दिन के समय भी गुलदार घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत का वातावरण बना हुआ है। उधर वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की बात कही है।
साहिया और इसके आसपास के क्षेत्र पिशोगी, बणिया, चरखेता, अलसी, सकनी, किमोठा, ककाडी गांव में गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है। ताजा घटना में साहिया बाजार से सटी साकेत बस्ती व सरला खड्ड के ऊपरी क्षेत्र में दिन के समय गुलदार देखा गया है। स्थानीय निवासी व पूर्व प्रधान सुभाष भाटी, मोहित भाटी, गुमान सिंह, सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गुलदार के दिखाई देने पर लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद वह जंगल की ओर चला गया। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरे लगवाने की मांग कई बार की है लेकिन, विभाग समस्या को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रहा है। उधर रिवर रेंज के रेंजर अनिल भट्ट ने बताया कि गुलदार के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके अलावा आबादी से सटे जंगल में गश्त भी बढ़ाई गई है। इसके अलावा क्षेत्र में पिंजरा लगाने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।