पछवादून क्षेत्र में बाहरी राज्यों के लोगों के सत्यापन के लिए महाअभियान चलाया गया। पुलिस ने 1270 लोगों और छात्रों के सत्यापन किए। किरायेदारों का सत्यापन न करवाने पर 56 मकान मालिक, छात्रावास और हो स्टे संचालकों के चालान कर उनसे 5.60 लाख का जुर्माना वसूला गया। 15 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, 17 संदिग्ध लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ की गई। सेलाकुई थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि रविवार को क्षेत्र में मकानों, छात्रावास और होम स्टे में रहने वाले 850 लोगों और छात्रों का सत्यापन किया गया। बताया कि 32 मकान मालिक, छात्रावास और हो स्टे संचालकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं करवाया था। सभी के चालान कर 10-10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। 17 लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर छोड़ दिया गया। वहीं, कोतवाली प्रभारी विकासनगर विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि हरबर्टपुर, विवेक विहार और रामबाग क्षेत्र में 300 लोगों का सत्यापन किया गया। बताया किरायेदारों का सत्यापन न करवाने पर 10 मकान मालिकों के 10-10 हजार रुपये के चालान किए गए। सात लोगों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सहसपुर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि खुशहालपुर, धर्मावाला, सभावाला और सिंहनीवाला में 120 लोगों का सत्यापन किया गया। बताया कि 14 मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं करवाया था। सभी लोगों पर 10-10 हजार के चालान की कार्रवाई की गई। आठ लोगों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए। एसपी देहात विकासनगर रेणू लोहानी ने बताया कि सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।