हरिद्वार में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। टेंपो और कार की भिड़ंत में चालक समेत एक महिला यात्री की मौत हो गई। वहीं हादसे में नौ यात्री घायल। हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र में हुआ है। पुलिस के अनुसार, शिव मूर्ति चौक के पास एक टेंपो और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे में टेंपो चालक व एक महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने ज्वालापुर निवासी 42 वर्षीय ऑटो चालक मनोज कुमार और गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाब निवासी 50 वर्षीय सत्या देवी को मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि हादसे में राकेश कुमार, मंजू, विश्वदीप, तृप्ता देवी, सुनीता, आशा, गुरप्रीत सहित कुल 9 यात्री घायल हुए हैं।