बीते तीन दिन से लगातार हो रही बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। दिनभर हुई बारिश से दून का तापमान चार डिग्री गिर गया। जबकि, बारिश से सड़कों पर हुए जलभराव से कई बार लंबा जाम लगने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जबकि, कई जगह पेड़ गिरने से रास्ते कुछ देर के लिए बाधित हो गए।
रविवार को दून का अधिकतम तापमान चार डिग्री कमी के साथ 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को दून का अधिकतम तापमान दो डिग्री कमी के साथ 27.9 डिग्री दर्ज किया गया था। उधर, वीकेंड के चलते शहर के मुख्य मार्गाें पर वाहनों की लंबी लाइन देखने को मिली। घंटाघर से लेकर राजपुर तक वाहनों की अधिक भीड़ रही। बारिश के चलते सड़कों पर हुए जलभराव से वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े।
ट्रैफिक जाम खुलवाने और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस के जवानों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, कैंट रोड पर दो जगह पेड़ गिरने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, मौमस विभाग ने सोमवार को भी दून में भारी बारिश की संभावना जताई है।