लंदन में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2013 के अंतर्गत बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस के जवान तेजेंद्र सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य और देश का मान बढ़ाया है। घर वापसी पर नगरवासियों ने तेजेंद्र का जोरदार स्वागत किया।
नार्दन आयरलैंड बेलफास्ट लंदन में एक से 10 अगस्त तक आयोजित पुलिस की विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस के जवान माजरीग्रांट निवासी तेजेंद्र सिंह ने बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व कर अपनी क्षमताओं का लोहा मनवाया।
85 किग्रा भारवर्ग के मुकाबले में 72 देशों के प्रतिभागियों के बीच रोचक संघर्ष हुआ। अंतिम दौर में तेजेंद्र ने ताइवान के खिलाड़ी को परास्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
जोरदार स्वागत
सोमवार को घर वापसी पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और तमाम लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर माजरीग्रांट तक तेजेंद्र का विभिन्न स्थानों पर गर्मजोशी से स्वागत हुआ।
स्वागत करने वालों में गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान हरपाल सिंह सैनी, पूर्व प्रधान गुरदीप सिंह, माजरी प्रधान राजकुमार, जीवनवाला प्रधान सुंदर दास, भाजपा महिला महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कुसुम सिद्धू, सरोज भंडारी, राजन गोयल, दिनेश सजवाण, राजेंद्र पंवार, ताजेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह बंगा, धर्मपाल, प्रीतपाल सिंह, ओमकार सिंह, त्रिलोचन सिंह, बलविंद्र सिंह, राजा, लच्छीराम लोधी, प्रदीप सिंह आदि शामिल थे।
कोच को दिया सफलता श्रेय
स्वर्ण पदक विजेता तेजेंद्र सिंह ने सफलता का श्रेय कोच बलदेव राज और पिता हरिकिशन सिंह को दिया। बताया कि उनका मुकाबला तीन अगस्त को हुआ था। उन्होंने कहा कि लगन और विश्वास से एक दिशा में पूरी साधना के साथ लगे रहने वाले को सफलता निश्चित मिलती है।
गौरतलब है कि तेजेंद्र इससे पहले मिस्टर उत्तराखंड 2008, मिस्टर हरक्यूलिस 2009 के अलावा नेशनल जूनियर और सीनियर वर्ग में भी स्वर्ण पदक जीत चुके है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने राज्य का नाम रोशन करने पर तेजेंद्र को शुभकामनाएं दी हैं।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें