- जन संघर्ष मोर्चा ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। पुरानी पेंशन लागू करने की मांग के समर्थन में जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार की लागू की गई एकीकृत पेंशन योजना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया।
घेराव व प्रदर्शन के दौरान जनसंघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि सरकार ने कुछ दिन पहले कैबिनेट में एकीकृत पेंशन योजना(ओपीएस) को मंजूरी दी है। यह कर्मचारियों की आंख में धूल झोंकने जैसा निर्णय है। उन्होंने कहा कि जहां कर्मचारी कई दशक तक नौकरी करने के बाद भी पेंशन का हकदार नहीं है वहीं, विधायक शपथ ग्रहण करने से लेकर मृत्यु होने तक पेंशन व भत्ते लेता रहता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के दोहरे मापदंड कर्मचारियों के साथ धोखा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जाना चाहिए। मौके पर मोर्चा के महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद गालिब, मुजीबुर्रहमान, सलीम, असद, अनुपम कपिल, राम सिंह तोमर, अशोक चंडोक, मौलाना शाबान, प्रोवीर दास, मोहम्मद इस्लाम, नरेश ठाकुर, अतुल हांडा आदि शामिल रहे।