पर्यटन को बेहतर और टिकाऊ बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल अब नए अवसर खोल रहा है। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित 24 घंटे की एआई-टूरिज्म हैकाथॉन में वर्क्स लोकली टीम ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए तकनीक आधारित विचार प्रस्तुत किए।
बुधवार को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड पर्यटन की अपर निदेशक पूनम चंद ने कहा कि एआई के माध्यम से पर्यटन स्थलों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। इससे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ पर्यटन को अधिक व्यवस्थित और टिकाऊ बनाने में मदद मिल सकती है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। वांडरर्स टीम के चिराग शर्मा, वेदांत बुडाकोटी, आयुष नवानी और देबाद्रिता दास दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, कोडिंग निन्जाज टीम के हर्ष इंदरवाल, पीयूष बत्रा, प्रतीक दीक्षित और जीवन सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। टेक्नोट्रॉनिक्स टीम के अगस्त्य पुरोहित, चिन्मय चौधरी, आशुतोष चंद और सार्थक थपलियाल को बेहतर प्रस्तुति के लिए बेस्ट पिच अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।