शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर उत्तराखंड के छह शिक्षकों को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी पांच सितंबर को केंद्रीय विज्ञान भवन दिल्ली में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
राष्ट्रपति अवॉर्ड के लिए चयनित गरुड़ के शिक्षक दुर्गा लाल शिक्षक दिवस के दिन शैलेश मटियानी पुरस्कार से भी सम्मानित होंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर राज्य सरकार ने प्राथमिक शिक्षा के सुखवीर सिंह (हरिद्वार) दुर्गा लाल (बागेश्वर) और नरेंद्र प्रसाद गोस्वामी (रुद्रप्रयाग) माध्यमिक शिक्षा से आत्मा प्रसाद धामी (चमोली), श्रीमती हरि सती प्रधानाचार्या जेपीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज (रामनगर) और प्रवक्ता डॉ. हरि शंकर गहतोड़ी (चंपावत) का नाम राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए मानव संसाधन मंत्रालय को भेजा था।
मानव संसाधन मंत्रालय के निदेशक गया प्रसाद ने राष्ट्रपति अवार्ड के लिए चयनित शिक्षकों को भेजे पत्र में कहा कि राष्ट्रपति अवार्ड-2014 के लिए चयनित शिक्षकों को पांच सितंबर को केंद्रीय विज्ञान भवन में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित करेंगे।
गरुड़ के दुर्गा लाल वर्मा उत्तराखंड के पहले ऐसे शिक्षक होंगे जो शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति अवार्ड के साथ शैलेश मटियानी पुरस्कार से भी नवाजे जाएंगे।