अपग्रेड किए गए जूनियर हाईस्कूलों के अलग संचालन सहित 17 सूत्री मांगों पर अमल न होने से नाराज प्राथमिक शिक्षक संघ के टीचर सोमवार को सामूहिक अवकाश पर रहे। प्रदेश भर से राजधानी पहुंचे इन टीचरों ने शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन कर धरना दिया और मंगलवार को प्रदेश के 12 हजार से अधिक स्कूलों को बंद कर सचिवालय कूच का एलान किया।
लंबित मांगों को लेकर सोमवार को राजधानी देहरादून सहित टिहरी के नरेंद्र नगर और जौनपुर ब्लॉक के सभी प्राथमिक विद्यालयों के टीचर सामूहिक अवकाश पर रहे। इससे इन स्कूलों में ताले लटक गए और बच्चों की पढ़ाई ठप रही। इसके अलावा पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और हरिद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से दून पहुंचे टीचरों ने शिक्षा निदेशालय ननूरखेड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया।
सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए टीचरों ने कहा कि कई बार समझौतों और आश्वासनों के बावजूद उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। हमें अब आश्वासन नहीं शासनादेश चाहिए।
मंगलवार को सचिवालय कूच के लिए हजारों टीचर दून पहुंच चुके हैं। जो नहीं पहुंच पाए हैं, वे आज पहुंच जाएंगे। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो 21 सितंबर को प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
-निर्मला महर, प्रदेश अध्यक्षा, प्राथमिक शिक्षक संघ
संगठन के प्रांतीय महामंत्री दिग्विजय चौहान ने कहा कि टीचरों को सरकार की ओर से 15 सितंबर तक मांगों पर शासनादेश का आश्वासन मिला था, लेकिन हमारे साथ धोखा हुआ। मजबूरन टीचरों को सड़कों पर उतरना पड़ा।
प्रदेशभर से आए इन टीचरों ने शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों में देहरादून के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कृषाली, जिला मंत्री रुकमणी भदोला, प्रेम सिंह गुर्साइं, विनोद उनियाल, मगनानंद भट्ट, दर्मियान सिंह नेगी, लक्ष्मीकांत, श्रीधर प्रसाद भट्ट, अजय शर्मा, जगदेश्वरी भंडारी, बीना भंडारी, सुरेश शर्मा, मनोज, शंभू प्रसाद बहुगुणा, वीरेंद्र कठैत, कमल कौशिक, रमेश कंडवाल, परमजीत सजवाण, कुसुमलता, राजेश शर्मा, ईश्वरी दत्त पैन्यूली, रफल सिंह, मनीषा जोशी, सुनीता मेहता, हीरा सौन आदि शामिल रहे।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की वार्ता सफल
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के साथ विधानसभा स्थित कक्ष में सोमवार को हुई वार्ता सफल रही। संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी उमेश चौहान ने कहा कि मंत्री ने त्रिस्तरीय कैडर पर सकारात्मक रवैया अपनाया है।
उन्होंने प्रकरण को लेकर 26 व 27 सितंबर को तीनों संगठनों की शिक्षा निदेशालय में बैठक बुलाई है। मंत्री के आश्वासन के बाद 23 सितंबर को सीएम आवास कूच स्थगित कर दिया गया है, लेकिन 22 सितंबर को शिक्षा निदेशालय में धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम यथावत रहेगा।