राजधानी में शिक्षक लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही कोरोना के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन के साथ सहयोग भी करेंगे। इसके लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। उससे पहले उनको कोरोना से बचाव के लिए ट्रेनिंग भी दी जा रही है। मुख्य शिक्षा अधिकारी आशारानी पैन्यूली ने रायपुर व डोईवाला ब्लॉक के 74 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है। बुधवार को नगर निगम में इन शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। उन्होंने बताया कि इन शिक्षकों को लक्खीबाग, मुस्लिम कॉलोनी, ग्रांट, बंजारावाला, झबरावाला, केशव पुरी, और भगत सिंह कॉलोनी क्षेत्र में तैनात किया जाएगा। यह सभी शिक्षक लोगों को कोरोना से जागरूक करने के साथ ही अन्य कार्यों में जिला प्रशासन का सहयोग भी करेंगे। आशारानी पैन्यूली ने कहा कि कोरोना से सुरक्षा के लिए जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति के पास मास्क, सैनिटाइजर, ग्लव्स उपलब्ध हो। इसके अलावा उनको कोरोना से संबंधित सभी तरह की जानकारी भी होनी चाहिए। ताकि वह अपने साथ-साथ अन्य लोगों का भी बचाव कर सकें।