प्राथमिक स्कूल मवानी दवानी में तैनात शिक्षक की पत्नी ने गोरी नदी में छलांग लगा दी। दिन भर तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं लग सका। बताया जा रहा है कि महिला पिछले लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी।
चमोली गढ़वाल के भिकौना गांव निवासी कमलेश किमोठी प्राथमिक स्कूल मवानी दवानी में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी रश्मि किमोठी (32 वर्ष) ने रविवार की शाम गोरी नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में छलांग लगाने का अंदाजा नदी किनारे मिली महिला की चप्पलों और घर के डस्टबिन से लगाया जा रहा है। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी।
जौलजीबी के एसआई प्रकाश पांडेय ने जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर नदी में तलाश की । सोमवार को भी दिन भर इस खोज में एसडीआरफ के जवान भी जुटे। इसके बावजूद उफनाई नदी में रश्मि का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार रश्मि पिछले लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार थी। शिक्षक कमलेश किमोठी रविवार को ही उसका उपचार कराकर देहरादून से मदकोट लौटे थे। उनके दोनों बच्चे अपनी दादी के साथ देहरादून में रहते हैं।