एफआरआई म्यूजम का भ्रमण करने पहुंचे केवी के शिक्षक।
वन अनुसंधान संस्थान की ओर से संचालित प्रकृति कार्यक्रम के तहत कई राज्यों के केंद्रीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं का प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को संस्थान पहुंचा। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं को संस्थान का भ्रमण कराने के साथ ही उन्हें यहां से संचालित कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई। संस्थान का 150 साल पुराना भवन देखकर शिक्षक-शिक्षिकाएं अभिभूत नजर आए।
संस्थान के विस्तार प्रभाग के प्रमुख डॉ. एके पांडे ने शिक्षिकों के प्रतिनिधिमंडल को संस्थान की ओर से किसानों, गैर सरकारी संगठनों, एसएचजी, छात्रों और उद्योगों समेत देश के कई संस्थानों के लिए संचालित कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पांडे ने बताया कि संस्थान अपने डीम्ड विवि के जरिए वानिकी शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्यरत है।
विश्वविद्यालय की ओर से वानिकी, लकड़ी प्रौद्योगिकी, सेल्यूलोज, कागज तथा पर्यावरण प्रबंधन में मास्टर डिग्री के कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। डॉ. पांडे ने शिक्षकोें को संस्थान के संग्रहालयों, हर्बेरियम, बंबूसेटम और वनस्पति उद्यान के बारे में भी जानकारी दी। इससे पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. देवेंद्र कुमार ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाओं का स्वागत किया। इस मौके पर वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चरण सिंह, डॉ. रामबीर सिंह, विजय कुमार, प्रीतपाल सिंह आदि उपस्थित थे।