थराली विधायक की स्वाइन फ्लू की मौत के बाद अब चमोली जिले के एक शिक्षक की मौत हो गई। शिक्षक की बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षक के परिजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं जिले में पचास दिनों में स्वाइन फ्लू से दो मौत हो चुकी है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के पास स्वाइन फ्लू से निपटने की कोई तैयारी नहीं है।
25 फरवरी को थराली के विधायक और कर्णप्रयाग निवासी मगन लाल शाह की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई थी। अब 13 अप्रैल को गैरसैंण के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के शिक्षक रोशन नैनवाल (26) की मौत हो गई। वह संविदा पर तैनात थे। 13 अप्रैल से पहले रोशन की कई जांच हुईं थीं। बुधवार को बरेली और लखनऊ से मिली जांच रिपोर्ट के मुुताबिक रोशन की मौत स्वाइन फ्लू होने से हुई है।
बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएमओ डा. पंकज जैन, डा. मनीभूषण पंत के नेतृत्व में शिक्षक के घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब आठ परिजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग नवोदय विद्यालय गैरसैंण पहुंचा और प्रधानाचार्य से सभी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
वहीं सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी का कहना है कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में किसी भी रोगी में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण होने पर जांच करने के लिए कहा गया है। स्वाइन फ्लू की जांच प्रदेश से बाहर करवानी पड़ रही है, जिसमें करीब एक सप्ताह का समय लग रहा है। सभी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के लिए अलग वार्ड बनाने और एंटी वायरल दवाइयों की व्यवस्था की गई है।