जहां एक ओर अतिथि देवो भवः की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के नैनीताल में टैक्सी चालक ने रविवार को दिल्ली के एक पर्यटक के साथ मारपीट कर दी। पर्यटकों ने आरोप लगाया कि वाहन चालक शराब के नशे में था।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से नितेश महेश्वरी अपने परिवार के साथ नैनीताल भ्रमण पर आए थे। इस दौरान एक टैक्सी ने उनसे 700 रुपये में नैनीताल के पर्यटक स्थल घूमाने की बात कही।
नितेश ने आरोप लगाया कि टैक्सी चालक ने उन्हें मात्र एक पर्यटक स्थल घूमाया और मल्लीताल लाकर छोड़ दिया। जिसके बाद नितेश ने टैक्सी चालक से पैसे नहीं देने की बात कही तो चालक मारपीट पर उतर आया।
जिसकी शिकायत नितेश ने मल्लीताल कोतवाली में की। जिसके बाद पुलिस की ओर से चालक और उसके वाहन को थाने लाया गयाा और पुलिस ने 185 एक्ट के तहत चालक का वाहन सीज कर लिया। जहां पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।