डीपीएस विकासनगर में आयोजित कला प्रतियोगिता के विजयी छात्र-छात्राएं। स्रोत विद्यालय
सीबीएसई विद्यालयों की संस्थान सहोदय कॉम्प्लेक्स पछवादून के माध्यम से डीपीएस विकासनगर में अंतर विद्यालयी कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में तपस्या और वरिष्ठ वर्ग में सना गुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित कलाकार मोहम्मद मोइन ने कहा कि कला केवल रंगों का मेल नहीं बल्कि, भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है।
प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में मधुबनी पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें आर्केडिया स्कूल की छात्रा तपस्या ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में द अल्टस स्कूल के अफजल अंसारी ने द्वितीय व एनफील्ड स्कूल की अनुष्का चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ वर्ग के लिए आयोजित लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता में द सेपियंस स्कूल विकासनगर की सना गुल ने पहला, एसएन मेमोरियल स्कूल की वंशिका थापा ने दूसरा व द सेपियंस स्कूल की परिणिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य सोनिया कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने व निखारने का अवसर मिलता है। इस दौरान विद्यालय की अकादमिक डीन शिवानी नैथाणी उपस्थित रहीं।