शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के बाहर धरने पर बैठे लोगों की विधायक सहदेव पुंडीर के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रही। बृहस्पतिवार को धरनास्थल पर पहुंचे विधायक ने लोगों को समझाते हुए धरना समाप्त करने की बात कही लेकिन, लोग प्लांट के बंद न होने तक आंदोलन जारी रखने की मांग पर डटे रहे। इस दौरान लोगों ने प्रदेश सरकार और नगर निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया।
विधायक ने कहा कि प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए जमीन तलाशने का काम शुरू कर दिया गया है। प्लांट के मुद्दे पर नगर आयुक्त के साथ ही शासन स्तर पर भी अधिकारियों के साथ वार्ता की जा रही है। जल्द से जल्द मामले का हल निकाला जाएगा लेकिन, लोगों ने साफ कर दिया कि जब तक प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया जाता तब तक आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। आंदोलनकारियों ने कहा कि लंबे समय से शासन प्रशासन और नगर निगम प्रबंधन उन्हें झूठे दिलासे दे रहा है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में राजेश शर्मा, निरंजन चौहान, सतपाल धानिया, आशा रावत, सपना शर्मा, कुसुम भट्ट, पूनम पंवार, नीलम थाप, रीता शर्मा, रेखा भट्ट, सुशीला सेमवाल, सुधीर रावत, संदीप भंडारी, दीपा जोशी, नीति पंवार, सीएम जोशी, शशि कुमार, मिट्ठन लाल, बीना बमराडा, रेवा देवी जुयाल, सुमित्रा सती, नीमा जोशी, आशा मैंदोला, सुमाली बिष्ट, ममता त्यागी, आशा चौहान, आहना रावत, कमला नेगी, सुमित्रा रावत, मनीष झा, जब्बार, मोनू, शमशाद, दिलशा, शराफत अली, बीरा चौहान, नीलम नेगी, कौशल्या, गणेश रतूड़ी, अनिल भट्ट, सोनिया जुयाल आदि शामिल रहे।
एक फरवरी तक समाप्त हो जाएगी दुर्गंध
सेलाकुई। शीशमबाड़ा प्लांट के मुद्दे पर बढ़ते दबाव के बीच विधायक सहदेव पुंडीर ने बृहस्पतिवार को मेयर सुनील उनियाल गामा और नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय से मुलाकात की। विधायक ने कहा कि प्लांट का संचालन करने वाली रैमकी कंपनी ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रही है। इस कारण क्षेत्रीय लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। प्लांट कसौटी पर खरा नहीं उतर पा रहा है। कहा यदि प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया जाता तो लोगों को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर हो रहे है। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि 1 फरवरी तक प्लांट से आने वाली दुर्गंध को समाप्त कर दिया जाएगा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुखदेव सिंह फरस्वाण, अनिल नौटियाल, विनोद पाल, विजय बिष्ट, राजू थापा, पारस थापा, नीलम थापा, रीता देवी, बीना बमराड़ा, दीपक आदि मौजूद रहे।