Rajiv gandhi international stadium
क्रिकेट सीरीज फॉर द ब्लाइंड 2019 के उद्घाटन मुकाबले में भारत ने नेपाल को आठ विकेट से शिकस्त देकर पूरे अंक हासिल कर लिए। 53 रनों की पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज विनीत कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 128 रन बनाए। नेपाल के हेमराज बैज ने 45 और सांता पहारी ने 43 रनों की पारी खेली। भारत के विनीत कुमार, कालिया प्रधान और विष्णु ने एक-एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। भारत के विनीत कुमार ने 53 रनों की पारी खेली। निलेश यादव ने 27 और ए रवि ने 24 रन बनाकर उनका साथ दिया।
इससे पहले मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के तहत तीन दिनों के दौरान तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला, अंजनप्पा, ललित जोशी, वेद प्रकाश, राजेंद्र सिंह राणा आदि मौजूद रहे।