देहरादून में चार महिनों में स्वाइन फ्लू से तीन मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इसके अलावा दून अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण मिले हैं।
दून में स्वाइन फ्लू पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई है। इनमें एक मरीज का हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट और दूसरे का मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा था।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तारा चंद पंत ने बताया कि स्वाइन फ्लू से पीडि़त 47 वर्षीय व्यक्ति की बीते सप्ताह हिमालयन हॉस्पिटल में मौत हुई। इसकी विभाग को अब सूचना दी गई। इसके अलावा बीते बुधवार को मैक्स में भर्ती 47 वर्षीय एक महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि मार्च से अब तक स्वाइन फ्लू से यह तीसरी मौत है। ऐसे में सभी अस्पतालों को खास एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।