दून में स्वाइन फ्लू समय से पहले आ धमका है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. टीसी पंत के मुताबिक इसके अब तक 20 पॉजीटिव मामले सामने आ चुके हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक अमूमन अगस्त से मार्च के बीच स्वाइन फ्लू के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार स्वाइन फ्लू समय के मामले अभी से आने लगे हैं। वही डेंगू का भी अब तक एक पॉजीटिव मामला सामने आया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक स्वाइन फ्लू और डेंगू के मामले सामने आने के बाद विभाग की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीएमओ के मुताबिक स्कूलों में छात्रों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है।
वही इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। दून मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल प्रदीप भारती गुप्ता ने कहा कि स्वाइन फ्लू और डेंगू के उपचार के लिए अस्पताल में पर्याप्त दवाएं हैं। उपचार के लिए डाक्टरों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए अलग से वार्ड की भी व्यवस्था की गई है। मच्छर न पनप सकें इसके लिए अस्पताल के आस पास फॉगिंग भी की जा रही है।