स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की रिपोर्ट जारी होने के साथ ही ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। रुद्रपुर को क्लीन हिमालय सिटी श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्वारा सम्मान दिया गया। बता दें कि 2011 की जनगणना के मुताबिक, रुद्रपुर की आबादी करीब 1.41 लाख थी, जो 2026 के अनुमान के अनुसार बढ़कर लगभग 2.09 लाख हो गई है।
विज्ञापन
वहीं, ऊधम सिंह नगर जिले के ही काशीपुर शहर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ उत्तराखंड का पुरस्कार अपने नाम किया है। काशीपुर की इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में मेयर दीपक बाली ने अपनी टीम के साथ राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया।
रुद्रपुर और काशीपुर की इस उपलब्धि को पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। दोनों शहरों को मिले सम्मान से यह साबित हुआ है कि स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी, नगर निकायों के प्रयास और बेहतर प्रबंधन से शहरों की तस्वीर बदली जा सकती है।