स्कूलों में होने वाली गर्मी की छुट्टियों का बच्चों को बेसब्री से इंतजार रहता है। इसे लेकर अब बच्चों ने तैयारी शुरू कर दी है।
छुट्टियों का काउंट-डाउन शुरू
कुछ स्कूलों में अगले सप्ताह से तो कुछ में माह के अंतिम सप्ताह से गर्मी की छुट्टी होने वाली है। स्कूलों में होने वाली छुट्टियों का काउंट-डाउन शुरू हो गया है।
ऐसे में बच्चों के साथ ही अभिभावक भी सैर सपाटे की तैयारी कर रहे हैं। कोई रिश्तेदारी में छुट्टियां बिताना चाह रहा है तो कोई नैनीताल और मसूरी घूमने की योजना बना रहा है।
बच्चों में भी छुट्टियों को लेकर उत्साह है। यही कारण है कि स्कूलों में भी वह एक दूसरे से अपनी-अपनी तैयारी बता रहे हैं।
अभिभावक राजीव शर्मा कहते हैं कि उनका बच्चा केवी नंबर-1 में पढ़ता है। 16 मई के लिए उन्होंने मुंबई जाने का रिजर्वेशन कराया है।
मालूम हो कि केंद्रीय विद्यालय सहित कई अन्य स्कूलों में 14 मई से गर्मी की छुट्टी हो रही है। वहीं सरकारी स्कूलों में 24 मई से छुट्टियां होंगी।
स्कूल कर रहे समर कैंप की तैयारी
गर्मी की छुट्टी के साथ ही स्कूलों एवं संस्थाओं ने समरकैंप की तैयारी शुरू कर दी है। समरकैंप में बच्चों के लिए म्यूजिक, डांस, सिगिंग, तैराकी आदि सिखाया जाएगा।
ऐतिहासिक स्थलों पर जाएं
यदि आप बच्चों को गर्मी की छुट्टियों में कहीं घूमने के लिए ले जा रहे हैं तो ऐसे स्थानों का चुनाव करें, जो ऐतिहासिक हों और जिससे बच्चों की जानकारी बढ़ सके। इससे बच्चों का मनोरंजन भी होगा और जानकारी भी बढ़ेगी।
यहां जा सकते हैं आप
हरिद्वार में हरकी पैड़ी, शांतिकुंज, भारतमाता मंदिर।
ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला, राम झूला, नौका विहार।
देहरादून में सहस्रधारा, रोबर्स केव, लच्छीवाला, मसूरी, मालदेवता, पांवटा साहिब।