देहरादून। सस्ते गल्ले की दुकानों पर उपभोक्ताओं को मिलने वाली चीनी फिलहाल उद्घाटन के फेर में फंसी है। जून में उपभोक्ताओं को प्रति कार्ड दो किलो चीनी मिलनी थी, लेकिन चीनी वितरण शुरू न होने के कारण अभी तक यह चीनी गोदामों से दुकानों तक नहीं पहुंच पाई है। फिलहाल जुलाई में दो माह की चीनी एक साथ दिए जाने की योजना है।
दरअसल, सस्ते गल्ले की दुकानों पर चीनी का वितरण लंबे समय से बंद है। कई सालों बाद राज्य सरकार ने सस्ते गल्ले की दुकानों पर प्रति कार्ड दो किलो चीनी देने की घोषणा की है। घोषणा किए हुए तीन से चार महीने हो चुके हैं, लेकिन अभी तक यह चीनी उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंची है। जिलापूर्ति कार्यालय के मुताबिक चीनी का कोटा गोदामों तक तो पहुंच चुका है, लेकिन अभी तक राशन विक्रेताओं को इसका आवंटन नहीं हुआ है। दरअसल, राज्य सरकार चीनी वितरण कर उसका श्रेय लेना चाहती है। लिहाजा वितरण से पहले इसका शुभांरभ मुख्यमंत्री से किया जाने की योजना है। फिलहाल मुख्यमंत्री का समय न मिल पाने के कारण अभी तक चीनी का वितरण नहीं किया जा रहा है।
---
चीनी का कोटा गोदामों में पहुंच चुका है। अभी तक विक्रेताओं को इसका आवंटन नहीं हुआ है। योजना का शुभारंभ किया जाना है। शुभारंभ होने के बाद अगले माह दो महीने का कोटा एक साथ उपभोक्ताओं को दिया जाएगा।
-जेएस कंडारी, जिलापूर्ति अधिकारी