उत्तराखंड में उप निरीक्षकों के 354 पदों पर हुई सीधी भर्ती परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित हो सकता है। पुलिस मुख्यालय में परीक्षा परिणाम ऑनलाइन करने के लिए मंगलवार को काम चलता रहा। उधर, रेंकर परीक्षा में पास होने वाले पुलिस कर्मियों को हरियाणा और पंजाब में छह माह का प्रशिक्षण दिलाने की तैयारी है।
रिजल्ट बनकर तैयार
पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू ने बताया कि उप निरीक्षकों की भर्ती परीक्षा का रिजल्ट लगभग तैयार है। बुधवार को परिणाम घोषित किए जाने की उम्मीद है।
इस माह के अंत तक ही मेडिकल और चरित्र सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि एक जून से उनका प्रशिक्षण शुरू कराया जा सका। जो करीब बारह माह का होगा। चयनित दारोगाओं को प्रशिक्षण उत्तराखंड में ही दिया जाएगा।
रैंकर दारोगाओं को हरियाणा में प्रशिक्षण
उधर रैंकर परीक्षा में पास होने वाले करीब 315 दारोगाओं को हरियाणा या पंजाब में से एक में प्रशिक्षण दिया जा सकता है। पहले यूपी के मुरादाबाद पीटीसी में संपर्क साधा गया था, लेकिन वहां पहले से ही छह हजार दारोगाओं का प्रशिक्षण निर्धारित है। बता दे कि रैंकर परीक्षा का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इस पर अब 12 मई को सुनवाई होनी है।