विज्ञान की पढ़ाई सिर्फ अंग्रेजी में होने से हिंदी भाषी छात्रों के लिए मुश्किल हो रही है। विज्ञान वर्ग की पढ़ाई करने की चाह रखने वाले छात्र संस्कृत की पढ़ाई कर रहे हैं। यह कहना है उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का। उन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि विज्ञान की पढ़ाई अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी कराने का निर्णय लिया जाए।
बुधवार को मोथरोवाला स्थित श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित बैठक में संघ की विभिन्न मांगें पूरी न होने पर शिक्षकों ने रोष प्रकट किया। जिलाध्यक्ष संजय बिजल्वाण ने कहा कि 16 महीने पहले शासनादेश जारी होने के बाद भी अशासकीय विद्यालयों को अटल आयुष्मान चिकित्सा योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा संघ ने मांग करते हुए कहा कि राजकीय विद्यालयों की तर्ज पर अशासकीय विद्यालयों के 10वीं और 12वीं के छात्रों को निशुल्क टैबलेट वितरित करने के साथ कक्षा नौ से 12वीं के तक के छात्रों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित करने का शासनादेश जारी किया जाए।
बैठक में शिक्षकों ने समय से वेतन न मिलने पर भी रोष व्यक्त किया। कहा कि विभाग की ओर से हर महीने की 10 तारीख को वेतन भुगतान के आदेश के बाद भी दो-दो महीने तक वेतन नहीं मिल रहा है। इससे शिक्षकों को आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में अनिल नौटियाल, आरसी शर्मा, दिनेश डोबरियाल, विजय पाल सिंह जंगवान, वीके त्यागी, राकेश मोहन डबराल, अनिता नेगी, एलएम सकलानी, योगेश मंत्री, गिरीश सेमवाल आदि मौजूद रहे।