प्रदेश में नौ सितंबर को छात्रसंघ चुनाव कराने की तैयारी है। इस चुनाव के हिसाब से ही गढ़वाल विवि के छात्र महासंघ के चुनाव की तिथि आगे बढ़ेगी। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में प्रदेशभर में छात्रसंघ चुनाव कराने और इसकी तिथियों पर भी चर्चा हुईं। चूंकि गढ़वाल विवि के छात्रसंघ चुनाव अधिसूचना के मुताबिक सात सितंबर को छात्र महासंघ के चुनाव होने हैं, इसलिए छात्रसंघ चुनाव की तिथियां तय करने में समस्या आ रही थी।
इसके बाद गढ़वाल विवि के कुलपति से वार्ता की गई। वार्ता में तय किया गया कि छात्र महासंघ की तिथि आगे बढ़ाई जाएगी। इसलिए प्रदेश के कॉलेज व विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की तैयारी तेज हो गई। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश के समस्त 11 विश्वविद्यालयों और 104 महाविद्यालयों में नौ सितंबर को छात्रसंघ चुनाव होंगे। इसके लिए तीन सितंबर को नामांकन होंगे। सात सितंबर को सभी कॉलेजों में छात्र महासभाएं होंगी, जिसमें सभी प्रत्याशी छात्रों के सामने अपनी बात रखेंगे। जल्द ही उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।