प्राचार्य का घेराव करते एबीवीपी कार्यकर्ता।
- फोटो : VIKAS NAGAR
वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में आंतरिक परीक्षा कराने पर छात्रसंघ पदाधिकारियों ने प्राचार्य का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्राचार्य ने छात्रों को समझा-बुझा कर शांत कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के आदेश पर ही परीक्षाएं आयोजित कराई जा रही है। छात्रों की मांग को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
छात्रसंघ अध्यक्ष प्रिंस राणा ने कहा कि पूर्व में प्रदेश सरकार ने महाविद्यालयों में सेमेस्टर प्रणाली को समाप्त करने की घोषणा की थी बावजूद डिग्री कॉलेज में आंतरिक परीक्षाएं आयोजित कराई जा रही है। आंतरिक परीक्षाओं का आयोजन कर छात्रों का शोषण किया जा रहा है। कॉलेज में कई विषयों से संबंधित किताबें लाइब्रेरी में उपलब्ध नहीं है। कहा यदि आंतरिक परीक्षा प्रणाली को समाप्त नहीं किया जाता तो छात्रों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। छात्रों ने कॉलेज में खेल मैदान की सफाई न होने पर भी नाराजगी जताई। प्राचार्य डॉ. केएल बिष्ट ने कहा कि जल्द ही मैदान की सफाई कराई जाएगी।
घेराव करने वालों में सचिव अरविंद, साजन खान, पलक, रमन, भूपेंद्र चौहान, सलमान आदि शामिल रहे।