राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली एकलव्य आदर्श विद्यालय की टीम।
- फोटो : VIKAS NAGAR
कालसी। आजादी की 77वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित देशभक्ति कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रों ने लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। नौ अगस्त को संपन्न हुए इस कार्यक्रम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। रविवार को वापस लौटने पर स्कूल प्रबंधन ने टीम का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष उत्तराखंड की लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। छात्रों ने राष्ट्रपति के साथ क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों के बारे में भी चर्चा की। छात्रों ने जनजाति कल्याण मंत्रालय के नेेतृत्व में दिल्ली दर्शन भी किया। टीम के वापस स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित किया। प्राचार्य डॉ. जीसी बडोनी ने बताया कि यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि स्कूल की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर पूरे राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
छात्रों ने उप प्राचार्या सुधा पैन्यूली, संगीत शिक्षक सरजू कुमार, अनीता रावत, रवींद्रनाथ गोस्वामी के नेतृत्व में राष्ट्रपति भवन में प्रस्तुति दी। बताया कि कि इससे पहले टीम झारखंड में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी है। टीम में प्राची रावत, अविनाश, शुभम, ज्योति शामिल रहे।