संत कबीर स्कूल मियांवाला देहरादून से दोस्तों के साथ ल्वारखा झील सीतारपुर घूमने आया एक छात्र झील में डूब गया।
छात्र की तलाशी के लिए पुलिस ने झील में सर्च अभियान चलाया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई। शनिवार को संत कबीर स्कूल मियांवाला देहरादून के पांच छात्र घूमने के लिए कुमाल्डा ल्वारखा झील सीतापुर आए हुए थे। शाम को करीब 4.30 बजे पांचों छात्र ल्वारखा झील में हाथ मुंह धोने के लिए उतरे।
इसी दौरान अचानक नवीं कक्षा का छात्र मनोज सिंह रावत (17) पुत्र मोहन सिंह रावत निवासी बालावाला देहरादून झील में डूब गया। साथी चंद्रशेखर, आकाश रावत, प्रदीप नेगी व राहुल मनवाल ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन दलदल होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए। मोबाइल पर नेटवर्क नहीं होने के कारण छात्र घटना की सूचना किसी को नहीं दे पाए।
बाद में छात्र मदद मांगने के लिए भरवा काटल गांव पहुंचे। भरवा काटल गांव के लोगों ने घटना की सूचना कुमाल्डा पुलिस चौकी को दी। चौकी प्रभारी इंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए झील में काटा डाला गया है, लेकिन पता नहीं चल पाया है।
छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि संत कबीर स्कूल मियांवाला का शनिवार को स्थापना दिवस था। स्कूल में घटना की सूचना मिलते ही वहां बिरानी छा गई।