वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में परीक्षा परिणामों में लगातार आ रही गड़बड़ियों से छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए परीक्षा नियंत्रक का पुतला फूंका। आक्रोशित छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द परिणाम दुरुस्त करने की मांग उठाई।
छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से विवि के परीक्षा परिणामों में गंभीर खामियां सामने आ रही हैं। हालत यह है कि कई छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के बावजूद अंकपत्र में अनुपस्थित दर्शा दिया गया। वहीं, दर्जनों छात्रों के रिजल्ट में आरएल (रिजल्ट लेट) अंकित है, जबकि कइयों के परिणाम ऑनलाइन खुल ही नहीं रहे। बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने से छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश लेने और अन्य शैक्षणिक कार्यों में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार कपूर ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की घोर लापरवाही का खामियाजा निर्दोष छात्र भुगत रहे हैं। कड़ी मेहनत और फीस देकर परीक्षा देने वाले छात्रों को अनुपस्थित दिखाना उनके भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सभी परिणामों की त्रुटियां दूर नहीं की गईं, तो एबीवीपी चुप नहीं बैठेगी। छात्रों के हित में विवि के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल भी की जाएगी।
पुतला दहन के दौरान छात्रसंघ उपाध्यक्ष नकुल, सहसचिव खुशी, कोषाध्यक्ष टीना, पूर्व सचिव राहुल तोमर, शुभम तोमर, अरुण चौहान, विकी पवार, करिश्मा, प्रियांशी, वंश, अनीश, सृष्टि, आरुषि, सूरज, रजत और प्रवीण समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।