इस बार देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में टिकट को लेकर एबीवीपी में बगावत हो गई है। गुटबाजी के बीच एबीवीपी से अलग कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों ने निखिल शर्मा को अध्यक्ष पद पर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। निखिल ने बृहस्पतिवार से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
एबीवीपी में इस सत्र के शुरू से गुटबाजी देखी जा रही थी। तमाम ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे, जिनमें पूर्व अध्यक्ष शामिल नहीं हो रहे थे। बावजूद इसके एबीवीपी के पदाधिकारी बगावत थामने में नाकाम रहे। बुधवार को एबीवीपी ने सागर तोमर को डीएवी में अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित किया। इसके बाद बृहस्पतिवार को कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल रावत, सिद्धार्थ राणा, आशीष रावत, राहुल लारा, शुभम सिमल्टी, जितेंद्र बिष्ट ने निखिल शर्मा को अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी घोषित कर दिया। निखिल ने बृहस्पतिवार सुबह पहले एबीवीपी कार्यालय जाकर मत्था टेका फिर डीएवी कॉलेज पहुंचकर चुनाव प्रचार शुरू किया। उनका कहना है कि भले ही किसी से उनके विचार न मिलते हों लेकिन रगों में खून एबीवीपी का ही दौड़ता है। प्रचार के दौरान बधाई देने पहुंचे उनके पिता भावुक हो गए।
वरिष्ठ छात्र नेताओं का भी मिला साथ
एबीवीपी से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों के समूह को कई वरिष्ठ छात्र नेताओं का भी साथ मिल गया है। इसमें वरिष्ठ छात्र नेता और हर साल चुनाव में चाणक्य माने जाने वाले ओम कक्कड़, चुनाव में खास भूमिका निभाने वाले जितेंद्र कुमार रिकूं, जितेंद्र सिंह चिक्की, अरविंद चौहान और मयंक खंडूरी के नाम शामिल हैं।
संगठन में अनुशासनहीनता नहीं चलेगी
एबीवीपी कार्यालय में बृहस्पतिवार की देर शाम बैठक हुई। बैठक में साफ किया गया कि उनका डीएवी में अधिकृत प्रत्याशी केवल सागर तोमर है। कुछ लोग सोशल मीडिया में एबीवीपी कार्यालय में मत्था टेकने की तस्वीरें वायरल हो रही है, जो कि सरासर गलत हैं। संगठन ने तय किया है कि कोई भी अनुशासनहीनता करेगा तो उसके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। संगठन को बदनाम करने वालों की शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 8979992222 जारी किया गया है, जिस पर शिकायत आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रदेश छात्रसंघ कार्य प्रमुख संकेत नौटियाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसजीआरआर में ऋषभ रावत एबीवीपी अध्यक्ष प्रत्याशी
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद पर ऋषभ रावत प्रत्याशी होंगे। संगठन ने सभी पदों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। एबीवीपी के जिला संयोजक सानू मिश्रा ने बताया कि एसजीआरआर में उपाध्यक्ष पद पर आदित्य टम्टा, विवि प्रतिनिधि पद पर आकिब रियाज और कोषाध्यक्ष पद पर एकता भट्ट उनके प्रत्याशी होंगे। इस मौके पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज निखरा, प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, विभाग संगठन मंत्री विक्रम फरसवाण, हिमांशु कुमार, शाकेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।
एमकेपी में एबीवीपी-एनएसयूआई आमने-सामने
एमकेपी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले एबीवीपी और एनएसयूआई की कार्यकर्ता आमने-सामने आ गई हैं। एक ओर एबीवीपी ने छात्रसंघ पर सवाल उठाए हैं तो दूसरी ओर एनएसयूआई ने बाहरी छात्राओं के कॉलेज में प्रवेश पर रोक की मांग की है। एमकेपी में बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम चल रहा था। इसमें एबीवीपी और एनएसयूआई से जुड़ी छात्राएं हिस्सा ले रही थीं। चुनाव और कॉलेज की व्यवस्थाओं पर बहस शुरू हुई तो विवाद शुरू हो गया। विवाद के चलते कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया। उसके बाद कॉलेज की छात्रसंघ अध्यक्ष निवेदिता राज सिरोहा ने प्रिंसिपल का घेराव किया। उन्होंने प्रिंसिपल को ज्ञापन दिया। आरोप लगाया कि एबीवीपी से जुड़ी कई ऐसी बाहरी लड़कियां कॉलेज में आ रही हैं जो यहां की छात्राएं नहीं हैं। वह यहां का माहौल खराब कर रही हैं। उन्होंने कुछ शिक्षिकाओं के भी एबीवीपी से जुड़े होने की बात कही। इस पर प्रिंसिपल ने बाहरी छात्राओं के प्रवेश पर कैंपस में रोक लगाने का आश्वासन दिया।
एबीवीपी से मनीषा अध्यक्ष प्रत्याशी
एमकेपी पीजी कॉलेज में एबीवीपी से मनीषा राणा अध्यक्ष पद प्रत्याशी होंगी। इसके अलावा शाहिरीन उपाध्यक्ष, अंकिता जगूड़ी महासचिव, अनीता सहसचिव, आकांक्षा को कोषाध्यक्ष और अंजली हुरिया को विवि प्रतिनिधि पद प्रत्याशी बनाया गया है। क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज निखरा, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. डीके शाही, प्रदेश संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कौशल कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ममता सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष रमाकांत श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र शर्मा, कॉलेज इकाई अध्यक्ष चीनू चौहान मौजूद रहे।
दून यूनिवर्सिटी में दो सितंबर को नामांकन
दून यूनिवर्सिटी में दो सितंबर को छात्र परिषद चुनाव के लिए नामांकन होंगे। यूनिवर्सिटी ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। 31 अगस्त से यूनिवर्सिटी के सभी आठ स्कूलों में वोटर लिस्ट का काम शुरू हो जाएगा। दून यूनिवर्सिटी छात्र परिषद चुनाव के लिए सेंट्रल इलेक्शन कमेटी का गठन कर दिया है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. एचसी पुरोहित को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा स्कूल इलेक्शन कमेटी का भी गठन कर दिया है। यूनिवर्सिटी में दो सितंबर को नामांकन के बाद तीन सितंबर को नाम वापसी होगी। चार सितंबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। पांच सितंबर को चुनाव प्रचार थमेगा। छह सितंबर को स्कूल सोसायटी का चुनाव होगा। इसके बाद सात सितंबर को छात्र परिषद के लिए नामांकन होंगे। चुनाव नौ सितंबर को होगा।