फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रसंघ चुनावः डीएवी शक्ति प्रदर्शन में जमकर उड़ी नियमों की धज्जियां, बवाल होते-होते बचा

Fri, 06 Sep 2019 08:18 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव के शक्ति प्रदर्शन के पहले ही दिन नियमों की जमकर धज्जियां उड़ी। हाथों में प्रिंटेड प्रचार सामग्री लेकर छात्र नेताओं के जुलूस का स्वागत पटाखों के शोर से हुआ। पाबंदियां कागजी साबित हुई। कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में इस साल पुलिस-प्रशासन ने कैंपस से बाहर जुलूस पर रोक लगाई हुई है। संगठनों ने जब शक्ति प्रदर्शन के लिए पुलिस से अनुमति मांगी तो बाहर जुलूस की अनुमति नहीं मिली। बावजूद इसके आर्यन छात्र संगठन के कार्यकर्ता सुभाष रोड पर एकत्र हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया। कुछ कार्यकर्ताओं पर लाठियां भी फटकारी। उन्होंने टुकड़ों में कॉलेज पहुंचकर वहां शक्ति प्रदर्शन किया। इसके बाद एबीवीपी के कार्यकर्ता लॉर्ड वेंकेटेश्वर पर एकत्र हुए।

विज्ञापन


मौके पर मौजूद सीओ जया बलूनी ने उन्हें जुलूस से रोकने की भरसक कोशिश की लेकिन वह नहीं थमे। जब पुलिस ने रास्ता रोक दिया तो भाजपा के एक बड़े नेता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जुलूस को रवाना करा दिया। कॉलेज के गेट पर जमकर आतिशबाजी हुई। सभी संगठनों के हाथों में प्रिंटेड प्रचार सामग्री थी जो कि कॉलेज परिसर के भीतर घुसते ही जब्त कर ली गई। उधर, एबीवीपी का बाहर से जुलूस निकालने पर बाकी छात्र संगठनों ने आपत्ति जताई है। सत्यम शिवम ग्रुप के संस्थापक जावेद ने कहा कि यह दोहरा व्यवहार है। वहीं, एनएसयूआई के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने भी इस पर आपत्ति जताई। निर्दलीय प्रत्याशी निखिल के ग्रुप के वरिष्ठ छात्र नेता ओम कक्कड़ का भी कहना था कि नियम सबके लिए एक जैसे होने चाहिएं। फिलहाल दूसरे छात्र संगठनों ने भी बाहर से जुलूस निकालने की तैयारी की हुई है। शुक्रवार को तय होगा कि नियम चलेंगे या फिर धज्जियां उड़ेंगी।

चुनाव प्रचार के दौरान दिनभर बवाल को तैयार दिखे कई कार्यकर्ता
डीएवी पीजी कॉलेज में तीन बार बवाल होते-होते बच गया। दिनभर शक्ति प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता आपस में भिड़ते रहे लेकिन कॉलेज प्रशासन और पुलिस की सख्ती के चलते माहौल बचा रहा।
विज्ञापन

डीएवी कॉलेज में बुधवार को नामांकन पूरे होने के बाद बृहस्पतिवार से शक्ति प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया। सबसे पहले आर्यन छात्र संगठन ने अपने महासचिव प्रत्याशी संदीप कुकरेती के लिए जुलूस निकाला। इसके बाद एबीवीपी ने अपने अध्यक्ष प्रत्याशी सागर तोमर के लिए जुलूस निकाला।

कई और प्रत्याशियों ने अपने जुलूस निकाले। जुलूस और चुनाव प्रचार के दौरान तीन बार बवाल होते-होते बचा। सत्यम शिवम और आर्यन ग्रुप के कार्यकर्ता दो बार आमने-सामने आ गए। चीफ प्रॉक्टर मेजर अतुल सिंह और उनकी टीम के साथ ही पुलिस भी मुस्तैद थी। सभी छात्र संगठनों के बड़े नेताओं को पहले से ही भरोसे में लिया हुआ था। जहां भी विवाद होता, तत्काल संगठन के बड़े नेताओं की मदद से रोक लिया जाता। एक बार एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की भी बहस हुई लेकिन बवाल होते-होते रह गया।

एसजीआरआर के चुनाव मैदान में 13 प्रत्याशी
एसजीआरआर पीजी कॉलेज के चुनाव मैदान में 13 प्रत्याशियों ने दम ठोका है। कॉलेज में विवि प्रतिनिधि पद के एक प्रत्याशी का नामांकन जांच के दौरान सही न पाए जाने पर रद्द कर दिया गया। 
बृहस्पतिवार को एसजीआरआर कॉलेज में नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची जारी की गई। कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी मेजर प्रदीप सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर दो, उपाध्यक्ष पद पर दो, महासचिव पद पर दो, सहसचिव पद पर दो, कोषाध्यक्ष पद पर दो और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। कॉलेज में इस बार 1740 छात्र-छात्राएं इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
विज्ञापन


किस पद पर कौन प्रत्याशी
अध्यक्ष : ऋषभ रावत(एबीवीपी), शुभम बंसल(सक्षम ग्रुप)
उपाध्यक्ष : आदित्य टम्टा(एबीवीपी), ओशिन कुनवाल(एनएसयूआई)
महासचिव : सौरभ कुमार(आर्यन), विश्वनाथ रमन बुडाकोटि(सक्षम ग्रुप)
सहसचिव : साकेत कुमार(आर्यन), मौ. अजहर सैफी(एनएसयूआई)
कोषाध्यक्ष : एकता भट्ट(एबीवीपी), मेघा भट्ट(एनएसयूआई)
विवि प्रतिनिधि : आकिब रियाज, सूजर सिंह नेगी, सूरज जोशी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें