500 एससी एसटी छात्रों के परीक्षा फार्म का आंदोलन सफल होने के बाद सोमवार को डीएवी में छात्र नेताओं ने नया तरीका आजमाया। नेताओं ने छात्र संघर्ष समिति की अगुवाई में प्राचार्य को कार्यालय में बैठाकर बाहर ताला जड़ दिया।
कुछ मांगों पर आश्वासन
इसके बाद प्राचार्य की सहमति से 14 सूत्री मांग पत्र डीएवी ट्रस्ट को भेजा गया, जहां से छह घंटे इंतजार के बाद कुछ मांगों पर आश्वासन मिला है। इस हाईवोल्टेज बंधक ड्रामे के चलते कालेज में आए छात्र बेहद परेशान रहे।
ताला जड़ दिया
सोमवार को दोपहर करीब एक बजे छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा के नेतृत्व में छात्रों का प्रतिनिधिमंडल प्राचार्य कार्यालय पहुंचा। छात्रों ने कालेज के कायाकल्प को धरना शुरू कर दिया। साथ ही प्राचार्य के कक्ष में जाने के रास्ते पर ताला जड़ दिया।
पढ़ें, हिमालय में है औषधीय पौधों की भरमार
छात्रों ने प्राचार्य की सहमति से 14 सूत्रीय मांग पत्र डीएवी प्रबंधन को प्रेषित किया। इस बीच ताला खुलवाने आई छात्र नेता स्वाती नेगी ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पुलिस बल पहुंचा लेकिन ताला नहीं खुल पाया। खुद प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन ने भी इस तालाबंदी से इत्तेफाक जताते हुए कहा कि इससे उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
छात्र नेताओं ने इंकार कर दिया
स्वाती नेगी का कहना था कि यदि कालेज के विकास से संबंधित कोई बात हो रही है तो उसे भी उसमें शामिल किया जाए लेकिन धरने पर बैठे छात्र नेताओं ने इससे इंकार कर दिया। सीओ डालनवाला सतबीर सिंह भी ताला खुलवाने पहुंचे लेकिन 20 मिनट इंतजार के बावजूद बैरंग लौट गए।
पढ़ें, ...तो क्या पीडीएफ लगाएगी कांग्रेस की नैया पार
सात बजे सहमति मिल गई
शाम को सात बजे डीएवी प्रबंधन की ओर से मांग पत्र का जवाब फैक्स द्वारा प्राप्त हुआ। इनमें से 18 कमरों के निर्माण को शाम सात बजे सहमति मिल गई। इसके अलावा कालेज परिसर में पैदल मार्ग के निर्माण, जिम का नवीनीकरण, कैंटीन सुधार, छात्रा शौचालय और श्रोतृशाला का नवीनीकरण को भी डीएवी प्रबंधन सचिव जोगेंद्र स्वरूप ने सहमति दे दी है।
इनकी आगे की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर अमल में लाई जाएगी। कक्षों और छात्रा शौचालय का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। पैदल मार्ग के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया इसी सप्ताह शुरू की जाएगी।
कैंटीन सुधार, रंगाई पुताई सहित बाकी सभी मांगों का एस्टीमेट बनाकर प्रबंधन को भेजा जाएगा, जिस पर इसके बाद ही कार्रवाई शुरू होगी। धरने पर जोगेंद्र रावत, अंशुल चावला, आशीष रावत, भगवती प्रसाद, अभिषेक भंडारी, नितिन जोशी, विनीत भट्ट, महेंद्र राणा, जितेंद्र कुमार रिंकू और सतीश पंत मौजूद रहे।
परीक्षा सिर पर, छात्र परेशान
डीएवी कालेज में गढ़वाल विवि की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होने जा रही हैं। सोमवार को दिनभर प्राचार्य के ताले में बंद रहने की वजह से अपनी समस्याएं लेकर छात्र कालेज परिसर में भटकते रहे। छात्रों का कहना था कि यदि आंदोलन चल भी रहा है तो कम से कम उनकी परीक्षा से संबंधित समस्याओं का निवारण तो करवाया जाए। खुद प्राचार्य भी इस तालाबंदी ड्रामे से सहमत नजर आए।