युवती से बातचीत बंद होने से खफा बीटेक के एक छात्र ने उसे वीडियो कॉल किया और उसके सामने ही फंदे पर झूल गया। छात्र मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और एक युवती से प्यार करता था। कुछ दिन पहले ही युवती ने उसे ब्लॉक कर दिया था। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुभम निवासी मुजफ्फरपुर बिहार प्रेमनगर क्षेत्र के तुलाज इंस्टीट्यूट से बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह काफी दिनों से एक युवती से प्यार करता था, लेकिन कुछ दिन पहले दोनों में बातचीत बंद हो गई। इस पर युवती ने उसे ब्लॉक कर दिया। इस बात से वह काफी परेशान रहने लगा। शुभम क्षेत्र के एक हॉस्टल में अपने साथी के साथ रहता था। उसका साथी रात में खाना खाने के बाद बाहर घूमने चला गया।
इसके बाद शुभम ने अपने स्टेटस पर हाथ की नस काटने की फोटो लगाई और युवती से प्यार करने की बात लिखी। युवती ने तो ब्लॉक किया हुआ था, लेकिन यह स्टेटस उसकी दोस्तों ने देखा और युवती को बताया। इस पर युवती ने अनब्लॉक कर शुभम को फोन लगाया। युवती ने शुभम से इस तरह की हरकत न करने को कहा। युवती ने कहा कि इस तरह से वह उसे ब्लैकमेल कर रहा है। इस बात से शुभम और भी ज्यादा गुस्सा हो गया।
उसने शायद पहले से ही तैयारी की हुई थी। उसने पास में रखी एक रस्सी ली और पंखे से बांधकर फांसी लगा ली। घबराई युवती ने उसके साथी को फोन किया। साथी जब तक पहुंचता तब तक वह फंदे पर लटक गया। अन्य साथियों ने पुलिस को फोन किया और दरवाजा तोड़कर शुभम के शव को फंदे से उतारकर ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसओ प्रेमनगर पीडी भट्ट ने बताया कि मामले में छात्र के साथियों से पूछताछ की गई है। उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले में जांच की जा रही है।