‘खूनी फ्लाईओवर’ से गिरकर सोमवार रात स्कूटी सवार डीएवी के छात्र की मौत हो गई। छात्र अपने दोस्त से मिलकर लौट रहा था। पुलिस के अनुसार स्कूटी का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ।
पुलिस के मुताबिक बिहार निवासी चावल कारोबारी राकेश कुमार का बेटा राजीव कुमार अपने भाई के साथ देहरादून में रहकर पढ़ाई कर रहा था। राजीव डीएवी कॉलेज में बीकाम का छात्र है और चाटर्ड एकाउंटेंट की तैयारी भी कर रहा था।
सोमवार रात करीब 11 बजे राजीव बल्लूपुर के पास रहने वाले अपने दोस्त मिलकर स्कूटी से लौट रहा था। बल्लीवाला फ्लाईओवर पर कट के पास स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई। हादसे में राजीव अपने आप को संभाल नहीं सका और पुल के नीचे जा गिरा।
उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने राजीव को सिनर्जी अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल में राजीव के कई दोस्त व परिजन भी पहुंचे। एसओ वसंत विहार संजय मिश्रा ने बताया कि फ्लाई ओवर की दीवार नीची होने के कारण अक्सर हादसे हो चुके हैं।