डाकपत्थर के वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उनमें नाराजगी है। छात्रों ने परीक्षा परिणामों की त्रुटियां दूर करने और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने पर्याप्त फर्नीचर और नई शिक्षा नीति की पुस्तकें उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। इसके साथ ही शौचालयों की सफाई, खेल मैदान की घास कटवाने और बीबीए में सीटें बढ़ाने की भी मांग की गई। छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार कपूर ने कहा कि जब तक विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। धरने में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आदित्य गुरुंग, सहसचिव खुशी तोमर, कोषाध्यक्ष टीना, शुभम तोमर, अरुण, करिश्मा, विक्की, ऋषिका, कोमल, शिल्पा और शिवांश आदि मौजूद रहे।