देहरादून के सुभाष नगर स्थित साईं इंस्टीट्यूट आफ पैरामेडिकल साइंसेज में उत्पाती छात्रों ने जमकर हंगामा काटा।
एक छात्र को उठाकर ले गई पुलिस
शुक्रवार को दिन में न केवल छात्र बल्कि छात्राओं के साथ भी जमकर मारपीट की। कॉलेज प्रबंधन ने मामला दबा लिया लेकिन शनिवार को फिर हंगामा शुरू हो गया। बाद में एक छात्र को पुलिस उठाकर ले गई।
सांई इंस्टीट्यूट में 15 दिन पहले नर्सिंग और बीबीए छात्रों के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उस वक्त नर्सिंग के एक छात्र ने बीबीए छात्र व एनएसयूआई पदाधिकारी को घायल कर दिया था।
जैसे तैसे इंस्टीट्यूट प्रशासन ने छात्रों को समझाकर मामला रफा दफा कर दिया था। आरोप है कि शुक्रवार को जब संस्थान में श्रीदेव सुमन विवि की प्राइवेट परीक्षा चल रही थी तो उस वक्त बीबीए छात्र व एनएसयूआई पदाधिकारी के साथ कुछ बाहरी तत्व भी संस्थान में घुस आए।
गुस्साए छात्रों ने संस्थान के शीशे तोड़े
मौके पर नर्सिंग छात्रों के साथ मारपीट शुरू हुई तो मामला बढ़ गया। बीच बचाव करने आई छात्राओं से भी जमकर मारपीट हुई। सूत्रों के मुताबिक कुछ गुस्साए छात्रों ने संस्थान के शीशे तोड़ने के साथ ही सिलेंडर तक पटका।
शुक्रवार को जैसे तैसे मामला दब गया लेकिन शनिवार को गुस्साए छात्र फिर संस्थान में पहुंचे। इस बीच हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस को बुलाया गया।
आईएसबीटी चौकी इंचार्ज डीएस रौतेला मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाया बुझाया और समझौता करा दिया। साथ ही बाहरी छात्रों की धरपकड़ के लिए एनएसयूआई पदाधिकारी छात्र को अपने साथ चौकी ले गए।
इंस्पेक्टर पटेलनगर जीएस दसौली ने बताया कि शाम को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, इसलिए कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
हमने झगड़े में शामिल छात्रों को हिदायत दे दी है कि मामला शांत होने तक वह संस्थान में कदम न रखें। उन्हें सूचित कर दिया जाएगा।
- रानी अरोड़ा, चेयरपर्सन, साईं इंस्टीट्यूट