उत्तरकाशी जिले के नौगांव और पौड़ी के श्रीनगर में नदी में डूबने से एक छात्र और एक विश्वविद्यालय कर्मी की मौत हो गई। उत्तरकाशी जिले के नौगांव ब्लाक के अंतर्गत भाटिया गांव निवासी सुरेश राणा का बेटा हिमांशु (11 वर्ष) जागृति पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था।
मंगलवार को छुट्टी होने से वह अपने साथियों के साथ यमुना नदी के किनारे मुलाणा के मैदान में खेल रहा था। तभी नदी के पास से पैर फिसलने से हिमांशु गहरे पानी में डूब गया। साथ खेल रहे बच्चे इस घटना से घबरा गए।
उन्होंने तत्काल पास में मौजूद लोगों को हादसे की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने गहरे पानी में डूबे हिमांशु को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गढ़वाल विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी की अलकनंदा में डूबने से मौत हो गई। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि स्वीत निवासी इंद्र सिंह के नदी में डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस की आपदा प्रबंधन टीम ने राफ्ट और रस्सों की मदद से कर्मचारी को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक इंद्र सिंह की मौत हो चुकी थी। मृतक इंद्र सिंह (59 वर्ष) गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में डीएसडब्ल्यू कार्यालय में एमटीएस कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे।