ऑल इंडिया कोऑपरेटिव बैंक फेडरेशन के आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों में पूर्ण हड़ताल रहेगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर रिजर्व बैंक के 500-1000 रुपये के नोट सहकारी बैंकों में बंद करने के विरोध में प्रदर्शन करेंगे और आरबीआई को ज्ञापन सौंपेंगे।
नोटबंदी के पांच दिन बाद रिजर्व बैंक ने देश के सभी जिला सहकारी बैंकों में 500 और 1000 रुपये के नोटों के प्रचलन पर पाबंदी लगाई थी। इसके बाद से सहकारी बैंकों में बैंकिंग व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है। ग्र्राहकों का पैसा जमा नहीं हो पा रहा है। नगद-जमा अनुपात गड़बड़ा गया है।
इसके विरोध में देशभर के जिला सहकारी बैंक अब लामबंद हो गए हैं। ऑल इंडिया कोऑपरेटिव बैंक फेडरेशन के आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेश में सभी जिला सहकारी बैंकों और उनकी 247 शाखाओं में पूर्ण हड़ताल रहेगी। हड़ताल में कोऑपरेटिव बैंक स्टाफ एसोसिएशन और कोऑपरेटिव बैंक इंप्लाइज यूनियन के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होने जा रहे हैं।
वहीं, इस आंदोलन को उत्तरांचल बैंक इंप्लाइज यूनियन ने भी समर्थन दिया है। कोऑपरेटिव बैंक इंप्लाइज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अंबादत्त पांडेय, प्रदेश महामंत्री केएस चौबे, इंप्लाइज यूनियन देहरादून के अध्यक्ष राकेश उपाध्याय, स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सतीश चौधरी ने सभी कर्मचारियों से एकजुटता के साथ विरोध करने और कचहरी में प्रदर्शन के बाद रिजर्व बैंक के सीजीएम को ज्ञापन देने का आह्वान किया है।