संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में परिवहन कर अधिकारियों और टीम के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे वाहनों को निशाना बनाया गया, जिनकी पहचान करना कठिन होता है और जो नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ रहे थे।
चेकिंग के दौरान दो स्कॉर्पियो-एन वाहन बिना पंजीकरण के चलते हुए पाए गए, जिन्हें सीज कर दिया गया। इनमें से एक वाहन करीब 45,000 किलोमीटर तक चल चुका था और उसे एक नाबालिग चला रहा था। टीम ने कड़ी निगरानी और पीछा करने के बाद वाहन को पकड़कर नेहरू नगर थाना क्षेत्र की बाईपास पुलिस चौकी में सीज किया। इसके अलावा एक थार वाहन का चालान भी किया गया। अभियान के तहत कुल 128 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 18 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें 12 वाहन अपंजीकृत पाए गए। जिन वाहनों के मालिक मौके पर नहीं मिले, उनके खिलाफ संबंधित डीलरों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।