देहरादून जिले के विकासनगर में मंगलवार सुबह त्यूणी के हनोल क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से सड़क में तेज उफान आ गया। जिससे कई घरों में मलबा घुस गया।
अतिवृष्टि से एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों के खेतों मे लहलहा रही फसलें भी बह गई हैं। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को सुबह करीब छह बजे से करीब साढ़े आठ बजे तक अतिवृष्टि से हनोल के पास कुपोड खड्ड के उफान पर आने से सड़क पर भारी मात्रा में आए मलबे-बोल्डर की वजह से पुरोला-त्यूणी हाईवे अवरुद्ध हो गया।
अतिवृष्टि से हनोल क्षेत्र के 10 किलोमीटर एरिया में निजी और सार्वजनिक परिसंपत्ति को नुकसान हुआ है। राजस्व टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं मंगलवार को राजधानी देहरादून में सुबह से बादल छाए रहे। जिस कारण लोग दिन भर उमस से परेशान रहे। वहीं गढ़वाल के घनसाली में बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। चमोली में सुबह बारिश हुई। जिसके बाद गर्मी से कुछ राहत मिली।