आयकर विभाग का कर्मचारी बन व्यक्ति से साढ़े नौ लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी विदेशी नागरिक को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ठगी के ही एक मामले में हैदराबाद जेल में बंद था। जिसे बृहस्पतिवार को बी वारंट पर दून लाया गया।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ऊधमसिंह नगर निवासी राजीव काशीराम ढंगे को एक अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के माध्यम से संपर्क किया। उसने खुद को आयकर विभाग का कर्मचारी बताया। साथ ही इनकम टैक्स रिटर्न भरने व इनकम टैक्स रिफंड के नाम पर उनके बैंक खाते की जानकारी प्राप्त कर ली। इसके बाद पीड़ित के खाते का दुरुपयोग कर ऑनलाइन 25 लाख रुपये का लोन ले लिया और उसमें से साढ़े नौ लाख रुपये निकाल भी लिए।
पीड़ित को जब इसका पता चला तो उन्होंने मुकदमा दर्ज करवाया। जानकारी मिली कि धोखाधड़ी का यह आरोपी नाईजीरिया का निवासी है और सेंट्रल जेल हैदराबाद में बंद है। आरोपी की पहचान ईफिनी कॉलिंस मूल निवासी आबिया नाईजीरिया के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसके एक अन्य साथी की तलाश भी की जा रही है।