चतुर्थ राज्य ओलंपिक खेलों का स्पोर्ट्स स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। पीएसी 31वीं वाहिनी की महिला शाखा की बैंड धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रुद्रपुर की गतका पार्टियों ने करतब दिखाकर दर्शकों में जोश भर दिया। राष्ट्रगान और ओलंपिक कमेटी के सदस्यों को डीएम ने ध्वज सौंपकर राज्य ओलंपिक खेलों के समापन की औपचारिक घोषणा की।
राज्य ओलंपिक खेल रुद्रपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10 नवंबर से शुरू हुए थे। चार दिन चली प्रतियोगिताओं के बाद मंगलवार को कार्यक्रम का समापन हुआ। किच्छा के लिटिल एंजिल स्कूल की छात्राओं ने ‘आजा आजा नीले आसमानों के तले’, ‘सत्यमेव जयते और ए मेरे वतन के लोगों’ जैसे देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी। पीएसी 31वीं वाहिनी की महिला शाखा के बैंड आकर्षण का केंद्र रहा। रुद्रपुर गतका पार्टी ने खतरनाक करतब दिखाकर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
इसके बाद राष्ट्रगान और डीएम नीरज खैरवाल ने ओलंपिक ध्वज आयोजन समिति को सौंपा। इसी के साथ डीएम ने राज्य ओलंपिक खेलों के औपचारिक समापन की घोषणा की। राज्य ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह ने चार साल बाद इससे भी बड़े स्तर पर राज्य ओलंपिक खेलों के आयोजन का आश्वासन दिया।
डीएम ने डीके सिंह को किया सम्मानित
चतुर्थ राज्य ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन पर डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने राज्य ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। डीएम ने आयोजन समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। डीएम ने दिव्यांग संजय कुमार को स्कूटी भी प्रदान की।
नगर निगम की टीम और वॉलंटियर ने की सफाई
राज्य ओलंपिक खेलों के दौरान 170 वॉलंटियर ने साफ-सफाई में योगदान दिया। इतने बड़े आयोजन के बावजूद वॉलंटियर ने गंदगी नहीं होने दी। सफाई के लिए नगर निगम की टीम ने भी योगदान दिया। नगर निगम की टीम के साथ वालंटियर ने साफ-सफाई की। सभी वालंटियर वॉकीटॉकी से एक दूसरे से जुड़े रहे।