सिल्वर सिटी में गढ़वाली फिल्म हैलो यूके का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही राज्य फिल्म बोर्ड का गठन किया जाएगा। उत्तराखंड की राजनीति पर आधारित इस फिल्म को करीब एक घंटे देखने के बाद वह बोले कि इससे काफी आइडिया मिला है। हंसते हुए उन्होंने कहा कि इस फिल्म को पहले देख लेता तो काफी कुछ सीख सकता था। फिल्म में मुख्यमंत्री पर किए गए स्टिंग ऑपरेशन को भी दिखाया गया, हालांकि मुख्यमंत्री यह सीन देखने से पहले ही जा चुके थे।
शुक्रवार को दून के सभी मल्टीप्लेक्स में गढ़वाली फिल्म हैलो यूके रिलीज हुई। मुख्य आयोजन सिल्वर सिटी में हुआ। यहां फिल्म का शुभारंभ मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य फिल्म बोर्ड का गठन होने के बाद सब्सिडी की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
फिल्म बनाने पर दी जाने वाली सब्सिडी से अधिक से अधिक निर्माता, निर्देशक उत्तराखंड की ओर आकर्षित होंगे। फिल्म निर्देशक प्रदीप भंडारी ने बताया कि फिल्म अन्य राज्यों में भी रिलीज हुई है। निर्माता मनीष वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को ही एक अन्य गढ़वाली फिल्म धियांण का भी मुहूर्त होना था। लेकिन सीएम के देर से आने की वजह से नहीं हो पाया, जो अब बाद में होगा। इस दौरान चंद्रवीर गायत्री और कांता प्रसाद ने बताया कि पहले ही दिन फिल्म अधिकतर जगहों पर हाउसफुल है।
प्रभात में लगी फिल्म छात्र राजनीति
क्रिस्टल मूवीज की फिल्म छात्र राजनीति सुबह 10 बजे प्रभात सिनेमा में रिलीज हुई। हालांकि, फिल्म औपचारिक तौर पर बृहस्पतिवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में ही रिलीज कर दी गई थी। शुक्रवार से यह प्रभात सिनेमा में लग गई। फिल्म प्रोड्यूसर प्रीति त्यागी और निर्देशक वैभव त्यागी ने बताया कि फिल्म में दून के कलाकारों ने काम किया है। फिल्म में किरदार निभाने वाले दीपक रावत ने बताया कि पहले दिन दोस्तों संग फिल्म देखी।