देहरादून। प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत झूठी आपत्तियां दर्ज करने और अनियमितताओं को लेकर बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर लोकतंत्र की मजबूती व निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की मांग उठाई।
उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस नेता ज्ञापन सौंपने के लिए भारत निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचे लेकिन नेताओं को आयोग से मिलने का समय नहीं मिला। इस पर कांग्रेस नेताओं ने गेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रभारी सैलजा ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में एसआईआर के नाम बड़ी धांधली हो रही है। कांग्रेस की ओर से कई बार मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर योग्य मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दर्ज की जा रही झूठी आपत्तियों पर शिकायतकर्ता के खिलाफ सख्त कानूनी करने की मांग की लेकिन आयोग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। एक व्यक्ति की ओर कई आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, चुनाव आयोग से कई दिनों से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन हमें समय नहीं दिया गया। पार्टी की ओर से आयोग को ज्ञापन सौंपने गया, लेकिन आयोग के कार्यालय के गेट पर ताला लगाया गया। प्रदेश में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए झूठी आपत्तियां की जा रही है। यह भाजपा की एक साजिश है। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, विधायक काजी निजामुद्दीन मौजूद रहे।